Dark Mode
चूरू का आपसी सद्भाव और साझा संस्कृति एक मिसाल : राठौड़

चूरू का आपसी सद्भाव और साझा संस्कृति एक मिसाल : राठौड़

चूरू। जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा के मार्गदर्शन में चूरू नगरपरिषद ने अभिनव पहल करते हुए दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में मंगलवार को चूरू चौपाटी में दीपदान कार्यक्रम कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में सर्व समाज के लोगों ने एक साथ मिलकर, 21 हजाए दीये जलाकर रौशनी का पर्व मनाया। इस दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, विधायक हरलाल सहारण, जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा, पुलिस अधीक्षक जय यादव, सभापति पायल सैनी सहित अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों के साथ शहरवासियों ने दीप जलाकर दीपावली की खुशियां बांटीं।

बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि चूरू की धार्मिक सद्भावना और साझी संस्कृति एक मिसाल है। यहां ईद और दीपावली एक जैसे उल्लास और उत्साह के साथ हर घर में मनाए जाते हैं। दीपावली पर्व पर चूरू नगरपरिषद द्वारा आयोजित ऎतिहासिक कार्यक्रम से हमारी साझा संस्कृति अधिक मजबूत हुई है तथा भावी पीढ़ी में नवचेतना का संचार हुआ है।

उन्होंने कहा कि चूरू नगरपरिषद द्वारा किए गए नवाचार सराहनीय हैं। पिछले दिनों आरआरआर सेंटर का शुभांरभ, शहर की दीवारों पर कलात्मक चित्रकारी से शहर के सौन्दर्यकरण और इसी के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम शहर के लिए निश्चित तौर पर एक विशेष प्रभाव रखते हैं। उन्होंने चूरू वासियों से अनुरोध करते हुए कहा कि हम और आप सब मिलकर नगर परिषद का सहयोग करें और चूरू को स्वस्थ और स्वच्छ शहर बनाने में अपना योगदान दें।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा ने कहा कि दीपदान का यह आयोजन चूरू के लिए गर्व का विषय है। नगर निकाय टीम ने बेहतरीन प्रबंधन के साथ दीपदान कार्यक्रम में शहरवासियों को सम्मिलित कर दीपावली पर्व को शहर के लिए खास बनाया है। उन्होंने कहा कि ऎसे कार्यक्रम समाज में एकता, समर्पण और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा देते हैं। शहर के लिए आयोजन शहर के विकास और सांस्कृतिक उन्नति को दर्शाते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बेहतरीन शुरुआत आगे और भी अच्छे मुकाम तय करेगी।

विधायक हरलाल सहारण ने दीपदान कार्यक्रम में नगरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में सद्भाव व समरसता का संचार होता है। इससे शहरों के सौन्दर्यकरण के लिए प्रतिबद्धता भी झलकती है। उन्होंने कहा कि चूरू को इंदौर शहर की तर्ज पर स्वच्छ शहर के रूप में विकसित करने के लिए शासन-प्रशासन द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पानी की समुचित निकासी, कचरे के बेहतरीन प्रबंधन के लिए एसटीपी व डीपीआर निर्माण के संबंधित कार्यों पर 400 करोड़ रुपए की कार्य योजना पर काम किया जाएगा। उन्होंने चूरू के विकास के लिए पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि जिले के विकास को और समृद्ध करते हुए प्रयास करेंगे कि संभाग स्तर पर प्रस्तावित बालिका सैनिक स्कूल चूरू में खोला जाए। डॉ वासुदेव चावला ने विचार व्यक्त करते हुए नगर परिषद के नवाचार की सराहना की और स्वच्छता अभियान में सहयोग का भरोसा दिलाया।

इस दौरान सभापति पायल सैनी, पुलिस अधीक्षक जय यादव, लायंस क्लब के अध्यक्ष आर्किटेक्ट अनुराग शर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। अतिथियों ने लायंस क्लब की ओर से नगर परिषद के 240 स्वच्छता कार्मिकों को पोशाक वितरण की। इस मौके पर कलाकारों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोहा। नगर परिषद आयुक्त अभिलाषा सिंह ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर चूरू प्रधान दीपचंद राहड़, उप जिला प्रमुख महेंद्र न्यौल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल, ओम सारस्वत, मंगतूराम चोटिया, विमला गढ़वाल, एसीईओ दुर्गा ढाका, एडीपीआर कुमार अजय, जिला खेल अधिकारी प्रकाशराम गोदारा, एपीआरओ मनीष कुमार, राम पीपलवा, जिला युवा अधिकारी डॉ मंगल जाखड़, उद्योग सहायक आयुक्त उजाला, सुरेश सारस्वत, सुशील लाटा, नारायण बेनीवाल, भारोत्तोलन प्रशिक्षक सीताराम प्रजापत, एपी अभिषेक सरोवा, सुपरवाईजर कृष्णा, अनिल, मनीष, संदीप सहित बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे। संचालन रवि दाधीच ने किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!