Dark Mode
निकाय चुनाव : ईवीएम का दूसरा रैंडमाइजेशन पूरा

निकाय चुनाव : ईवीएम का दूसरा रैंडमाइजेशन पूरा

झालावाड़। नगरीय निकाय आम चुनाव 2026 की तैयारियों के बीच जिले में ईवीएम के द्वितीय रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। यह प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर अजय सिंह राठौड़ तथा मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न हुई।

रैंडमाइजेशन के बाद जिले की अलग-अलग नगरीय निकायों में मतदान बूथों के हिसाब से ईवीएम का आवंटन तय किया गया। अधिकारियों के मुताबिक पूरी प्रक्रिया का उद्देश्य चुनाव में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना है।

जिले की 8 नगरीय निकायों में कुल 249 मतदान बूथ हैं। इनमें 245 सामान्य और 4 सहायक मतदान बूथ शामिल हैं। प्रथम रैंडमाइजेशन में रिजर्व मशीनों सहित कुल 300 ईवीएम उपलब्ध कराई गई थीं। अब दूसरे रैंडमाइजेशन के बाद 247 ईवीएम मतदान बूथों के लिए आवंटित की गई हैं, जबकि 53 मशीनें रिजर्व रखी गई हैं।

निकायवार आवंटन की बात करें तो डग के 20 बूथों के लिए 20 ईवीएम और 4 रिजर्व मशीनें रखी गई हैं। झालरापाटन में 36 बूथों के लिए 36 ईवीएम तथा 8 रिजर्व मशीनें तय की गई हैं। भवानीमंडी में 40 बूथों के लिए 40 ईवीएम और 8 रिजर्व मशीनें आवंटित हुई हैं।

झालावाड़ नगर परिषद क्षेत्र में 53 मतदान बूथों के लिए 51 ईवीएम और 13 रिजर्व मशीनें रखी गई हैं। खानपुर में 25 बूथों के लिए 25 ईवीएम और 5 रिजर्व, मनोहरथाना में 20 बूथों के लिए 20 ईवीएम और 4 रिजर्व मशीनें निर्धारित की गई हैं।

इसी तरह अकलेरा में 35 बूथों के लिए 35 ईवीएम तथा 7 रिजर्व और पिड़ावा में 20 बूथों के लिए 20 ईवीएम तथा 4 रिजर्व मशीनों का आवंटन किया गया है। नगर परिषद झालावाड़ के वार्ड 2 और वार्ड 5 पहले ही निर्विरोध घोषित किए जा चुके हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी अजय सिंह राठौड़ ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ईवीएम का रैंडमाइजेशन निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को मशीनों के आवंटन, सुरक्षित भंडारण और मतदान केंद्रों तक पहुंचाने के दौरान निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी रामचन्द्र खटिक, उपखंड अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी झालावाड़ सोनू कुमारी, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि तथा निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!