Dark Mode
पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने की साजिश, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी करने की साजिश, पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया

अजमेर। अजमेर एसओजी ने आईओसी पाइप लाइन में सेंधमारी कर चोरी का प्रयास करने के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खाली पड़ी जमीन से गुजर रही पाइप लाइन में खुदाई कर वॉल्व लगा लिए थे। पता चलने पर सेंदड़ा थाने में शिकायत दी गई और मामले की जांच एसओजी ने शुरू की। गिरफ्तार तीन आरोपियों को 5 दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों से एसओजी पूछताछ कर रही है। SOG के एडिशनल एसपी श्याम सुंदर विश्नोई ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रामगढ़ के पास रहने वाले जितेन्द्रसिंह रावत, प्रतापसिंह व देवेन्द्रसिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खाली पड़ी जमीन की खुदाई कर वहां से गुजर रही पाइप लाइन में गुजरात के लोगों से कॉन्टेक्ट कर वाल्व लगाकर चोरी का प्रयास किया। इस मामले में अन्य और कौन कौन लोग हैं, पता लगाया जा रहा है।


ऐसे चला था पता
रामगढ़ पुलिया हाइवे के पास लक्ष्मणसिंह रावत के खेत में से गुजर रही इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की पाइप लाइन पर वॉल्व लगाकर क्रूड ऑयल चोरी करने का प्रयास किया। आइओसी पाइप लाइन की पेट्रोलिंग करने वाले कर्मचारी की नजर पाइप लाइन के पास ट्रैक्टर से खेत में हल चलाने के निशान मिले तो शक हुआ। उसने पास जाकर देखा तो पाइप लाइन के पास एमसील की खाली पैकेट मिले। इस पर आइओसी अधिकारियों को सूचना दी। मामले की भनक लगते ही आइओसी अधिकारी पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने पाइप लाइन के आसपास खुदाई करवाई तो वहां पर पाइप में ड्रील कर वॉल्व लगा हुआ मिला। अधिकारियों ने तत्काल पाइप लाइन की मरम्मत शुरू करवाकर 5 अगस्त 2023 को अज्ञात चोरों के खिलाफ पुलिस को रिपोर्ट दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर एसओजी को सौंपा।

 

Comment / Reply From

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!