Dark Mode
मानवता के लिए गांधीजी के संदेशों का प्रसार जरूरी-मुख्यमंत्री

मानवता के लिए गांधीजी के संदेशों का प्रसार जरूरी-मुख्यमंत्री

शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट लॉन्च, गांधी साहित्य भी उपलब्ध होगा

वीसी के माध्यम से सीएम ने किया अजमेर के गांधी स्मृति उद्यान का लोकार्पण, भीलवाड़ा में गांधीजी की प्रतिमा का अनावरण

जयपुर/कोटा  । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि हिंसा और तनाव के इस दौर में गांधीजी के मूल्यों एवं सिद्धांतों पर चलकर ही शांति की स्थापना संभव है। उन्हांेने कहा कि मानवता के लिए गांधीजी के संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है। युवा पीढ़ी को गांधीजी के विचारों से जुड़ना चाहिए। गांधीजी की जीवनी ‘सत्य के प्रयोग’ का अध्ययन युवा पीढ़ी को अवश्य करना चाहिए।
गहलोत गुरूवार को मुख्यमंत्री निवास पर शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट लॉन्च समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से अजमेर के गांधी स्मृति उद्यान का लोकार्पण तथा भीलवाड़ा कलेक्ट्रेट परिसर में गांधीजी की प्रतिमा का अनावरण किया। उन्होंने चिŸाौड़गढ़ में चल रहे गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में भी वीसी के माध्यम से भाग लिया।
पूरे विश्व में गांधी दर्शन का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांधी दर्शन का विश्व स्तर पर सम्मान है। नेल्सन मंडेला एवं मार्टिन लूथर किंग जैसे महान नेताओं ने गांधीजी से प्रेरणा प्राप्त कर वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। आज अमेरिका जैसे देश में महात्मा गांधी की प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। जर्मनी के शिक्षा पाठ्यक्रम में गांधीजी के बारे में पढ़ाया जा रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने अपने कार्यकाल में गांधीजी के जन्मदिवस को विश्व अहिंसा दिवस के रूप में मनाने का प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र को भेजा जिसका सभी देशों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसिद्ध वैज्ञानिक आइंस्टीन ने गांधीजी के बारे में कहा था कि आने वाली पीढियों को विश्वास नहीं होगा कि ऐसा कोई मानव कभी धरती पर आया था। गांधीजी के सत्य, अहिंसा, सत्याग्रह, सर्वधर्म समभाव के आदर्श आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि शांति एवं अहिंसा विभाग तथा महात्मा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ गवर्नेंस एंड सोशल साइंस (एमजीआईजीएसएस) के संयुक्त तत्वाधान में संभाग से लेकर जिला एवं ब्लॉक स्तर पर गांधी दर्शन से जुड़े प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। श्री गहलोत ने कहा कि अजमेर में गांधी स्मृति उद्यान को उत्कृष्ट रूप में तैयार किया गया है। इससे आमजन को गांधीजी के विचारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
वेबसाइट से मिलेगी गांधीजी से जुड़ी जानकारियां-
महात्मा गांधी के दर्शन के प्रचार-प्रसार तथा सामाजिक सद्भावना की स्थापना के उद्देश्य से शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट तैयार की गई है। वेबसाइट पर आमजन के लिए महात्मा गांधी की जीवन यात्रा, उनके संदेशों, दर्शन एवं आदर्शों को सीखकर अपने जीवन में आत्मसात करने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध करवाई गई हैं।
राज्य बजट में गांधीजी के विचारों को साकार किया-
कोटा कलक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष से जुडते हुए नगरीय विकास मंत्री श्री शांति धारीवाल ने कहा कि महात्मा गांधी के आदर्शों को आमजन तक पहुंचाने और समाज में सामाजिक सौहार्द्र स्थापित करने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। उन्होंने राज्य बजट में किये गये लोक कल्याणकारी निर्णयों को गांधीजी के जीवन दर्शन से प्रेरित बताते हुए कहा कि इन्दिरा रसोई योजना में सम्मनपूर्वक भोजन, इन्दिरा क्रेडिट कार्ड योजना स्वरोजगार के लिए ऋण, इन्दिरा शहरी रोजगार गारंटी योजना में जरूरतमंदों को रोजगार गांधी जी के सपनों को साकार करने वाले निर्णय है। उन्होंने अजमेर यूआईटी द्वारा निर्मित गांधी स्मृति उद्यान को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। राजस्व मंत्री श्री रामलाल जाट ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के बल पर साम्राज्यवादी ताकतों से लड़ाई लड़ी। शांति और अहिंसा विभाग के माध्यम से युवा पीढ़ी को गांधीवादी विचारों से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्य सचिव श्रीमती उषा शर्मा ने कहा कि शांति एवं अहिंसा विभाग की वेबसाइट से आमजन को गांधीजी के जीवन से जुड़ी विशिष्ट जानकारियां मिल सकेंगी। शांति और अहिंसा विभाग के निदेशक डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि राज्य के 15 जिलों में गांधी जीवन दर्शन प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा चुके हैं। जल्द ही इनका आयोजन सभी जिलों में किया जाएगा।
इस अवसर पर खादी बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं जिला समन्वयक गांधी दर्शन समिति पंकज मेहता, जिला कलक्टर ओपी बुनकर, उप समन्वयक संदीप दिवाकर सहित संबंधित अधिकारी एवं जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे।  

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!