Dark Mode
जिला कलक्टर ने लांच किए मतदाता जागरूकता गीत

जिला कलक्टर ने लांच किए मतदाता जागरूकता गीत

बारां। लोकसभा चुनाव के अर्न्तगत भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदान प्रतिशत में वृद्धि के लिए शुरू किए गए मिशन 75 के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने मंगलवार को मतदाता जागरूकता के लिए प्रेरक गीत लांच किए जिनके माध्यम से जिले भर के मतदाताओं को मताधिकार के उपयोग के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी तोमर ने मिनी सचिवालय सभागार में आयोजित स्वीप कार्यक्रम के तहत बटन दबाकर लाउड स्पीकर पर मधुर संगीतमय प्रेरक गीतों को लांच किया। लांच किए गए ‘सुनो सुनो सारे मतदाता तुम सबको बताना, तुम अपना वोट लगाना’, ‘आयो रे वोटां को मेळो, चालां वोट देबां रे’ गीतों को शिक्षक राजेश गौतम द्वारा गाया गया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गत विधानसभा चुनाव में बारां जिले में तकरीबन 80 प्रतिशत मतदान के साथ मतदाताओं ने मतदान के प्रति बेहद उत्साह दिखाया है। वहीं गत लोकसभा चुनाव में भी जिले में करीब 70 प्रतिशत मतदान रहा जो औसत मतदान से अधिक है। उन्होंने कहा कि बारां जिले में ऐसे मतदान केन्द्र जहां पर मतदान औसत से कम दर्ज होता रहा है उन पर विशेष फोकस कर मतदान प्रतिशत में इजाफा करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए जिले में करीब साढे तीन सो मतदान केन्द्रों को चिह्नित करते हुए वहां पर विशेष कार्ययोजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदान प्रतिशत में आशातीत बढ़ोतरी के लिए शहर के वार्डों से लेकर गांव-ढाणियों तक हेला टोली का गठन कर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। यह टोलियां मतदान दिवस पर मतदान से वंचित रहने वाले मतदाताओं के घरों तक पहुंच कर उनसे मतदान का आग्रह करेंगी। तोमर ने बताया कि बुजुर्ग व दिव्यांग मतदाताओं को होम वोटिंग के माध्यम से मतदान की सुविधा प्रदान की जाएगी इसके लिए अबतक करीब आठ सौ आवेदन प्राप्त हुए हैं। जिले में स्वीप कार्यक्रम के माध्यम से स्वीप दलों द्वारा हर सप्ताह नवाचार करते हुए आम मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक व प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम दिवांशु शर्मा, स्वीप प्रभारी व सीईओ रामावतार गुर्जर, नियंत्रण कक्ष प्रभारी रजत विजयवर्गीय, मीडिया प्रकोष्ठ के अतिरिक्त प्रभारी देवेन्दर प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी व स्वीप दल के सदस्य उपस्थित थे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!