पीजी कॉलेज में छात्रों के दो गुटों में मारपीट
धौलपुर। गवर्नमेंट पीजी कॉलेज में मामूली कहासुनी के बाद छात्रों के दो गुटों में मारपीट होने पर पुलिस ने एक स्टूडेंट को राउंड अप किया है। छात्रों के दो गुटों में मारपीट की सूचना मिलते ही कोतवाली थानाधिकारी रामकिशन यादव के साथ निहालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई, जहां पुलिस ने मारपीट के आरोप में एक छात्र को राउंड अप किया है।
मामले को लेकर कोतवाल रामकिशन यादव ने बताया कि सुबह कंट्रोल रूम से कॉलेज में मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना पर कॉलेज में पहुंची पुलिस ने प्रिंसिपल से बात कर झगड़ा कर रहे दोनों छात्रों को बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में एक छात्र ने बताया कि मंगलवार को भरतपुर एनएसएस कैंप में शामिल होने के बाद छात्र बस से धौलपुर आ रहे थे। बस में 2 छात्रों के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद बुधवार सुबह एक छात्र ने अपने साथियों को कॉलेज में बुला लिया, जहां उन्होंने कॉलेज के पीछे दूसरे छात्र से मारपीट कर दी। कोतवाल ने बताया कि मारपीट के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भाग निकले। उन्होंने बताया कि मारपीट करने वाले आरोपियों की पहचान के लिए जिस छात्र ने बाहरी लोगों को बुलाकर स्कूल में मारपीट कराई उसे राउंडअप किया गया है। उससे आरोपियों के बारे में पूछताछ की जा रही है।