Dark Mode
स्मैक, गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

स्मैक, गांजा और प्रतिबंधित कफ सिरप के साथ चार तस्कर गिरफ्तार

कटिहार। जिले में नशे के बढ़ते कारोबार पर लगाम लगाने के लिए कटिहार पुलिस ने पिछले 24 घंटों के भीतर व्यापक छापेमारी कर नशे के सौदागरों के नेटवर्क को करारा झटका दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में कोढ़ा, बलिया बेलौन और बलरामपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सबसे बड़ी कार्रवाई कोढ़ा थाना क्षेत्र में हुई, जहां पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर महिनाथपुर नहर के समीप घेराबंदी की। यहाँ एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को संदिग्ध स्थिति में भागते हुए पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उनके पास से 16.31 ग्राम स्मैक और 16,040 रुपये नगद बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदेश कुमार, सुमित कुमार और अर्जुन कुमार (सभी निवासी मूसापुर) के रूप में हुई है। वहीं, बलिया बेलौन थाना क्षेत्र के मीनापुर चौक पर वाहन जांच के दौरान पुलिस ने एक बाइक को रुकने का इशारा किया। चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद पुलिस बल ने उसे धर दबोचा। आरोपी मो. सफीउल्लाह उर्फ राजा के पास रखे बैग से 149 बोतल अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद किया गया। इस मामले में पुलिस ने एक विधि-विरुद्ध बालक (नाबालिग) को भी निरुद्ध किया है। नशे के विरुद्ध तीसरी कार्रवाई बलरामपुर पुलिस द्वारा की गई। आदमपुर गांव में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने 720 ग्राम अवैध गांजा जब्त किया। हालांकि, पुलिस को देख तस्कर भागने में सफल रहा, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जिला पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के इन सौदागरों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है। पकड़े गए सभी अभियुक्तों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इन तस्करों के मुख्य स्रोतों का पता लगाने में जुटी है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!