झालावाड़: बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
झालावाड़। जिला प्रशासन एवं बाल अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बाल विवाह रोकथाम हेतु जागरूकता गतिविधियों के अंतर्गत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, डूंगरगांव में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में संरक्षण अधिकारी (बाल अधिकारिता विभाग) विष्णु कुमार द्वारा विद्यार्थियों को बाल विवाह, बाल श्रम, भिक्षावृत्ति, बाल तस्करी तथा चाइल्ड राइट्स क्लब के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। बच्चों के साथ संवाद स्थापित कर उन्हें इन सभी विषयों के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया। साथ ही सुपरवाइजर चाइल्ड हेल्पलाइन बबलू नागर द्वारा बच्चों को डेमो कॉल कर 1098 की कार्यप्रणाली के बारे में बताया गया तथा यह समझाया गया कि सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम एवं मोबाइल नम्बर पूर्णतः गोपनीय रखा जाता है। इसके अतिरिक्त जन साहस संस्था से अनुसुईया एवं पल्लवी जैन ने विद्यार्थियों को महिला लैंगिक उत्पीड़न, मानसिक स्वास्थ्य एवं परामर्श सेवाओं के संबंध में जागरूक किया।विद्यालय की प्रधानाचार्य स्मृति मालवीय द्वारा बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंत में संरक्षण अधिकारी द्वारा विद्यालय के समस्त विद्यार्थियों एवं स्टाफ सहित प्रतिभागियों को बाल विवाह के विरुद्ध शपथ दिलाई गई तथा पोस्टर का विमोचन किया गया।
शपथ के बाद बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिक्रिया देते हुए कहा - “सर, 1098 के बारे में डेमो कॉल कर जो जानकारी आज आपने दी, वह हमें आज तक किसी ने नहीं बताई, इसके लिए आपका बहुत धन्यवाद।” इस दौरान विद्यालय स्टाफ में राजेश मीणा, सत्यनारायण सुमन, हेमन्त चोरसिया, मधुशाला शर्मा, चन्दा मेवाड़ा एवं अर्चना धारेवाला सहित उपस्थित रहे।