Dark Mode
राजस्थान के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने किया निफ्ट पंचकुला का दौरा

राजस्थान के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने किया निफ्ट पंचकुला का दौरा

  • शैक्षणिक उत्कृष्टता, इंडस्ट्री इंटीग्रेशन और क्राफ्ट पहल से हुए रूबरू

जयपुर। National Institute of Fashion Technology (निफ्ट) पंचकुला ने 18 फरवरी 2026 को राजस्थान से आए पत्रकार प्रतिनिधिमंडल का औपचारिक प्रेस दौरे के तहत स्वागत किया। इस दौरे का उद्देश्य संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता, उद्योग से जुड़ाव और पारंपरिक शिल्प संरक्षण संबंधी पहलों को प्रदर्शित करना था।

कार्यक्रम की शुरुआत निफ्ट पंचकुला के निदेशक प्रो. (डॉ.) अमनदीप सिंह ग्रोवर के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने संस्थान की दृष्टि, शैक्षणिक संरचना और राष्ट्रीय स्तर पर इसकी प्रतिष्ठा पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात डॉ. निकिता ने विस्तृत प्रस्तुति देते हुए निफ्ट के स्नातक, परास्नातक एवं डॉक्टोरल कार्यक्रमों, राष्ट्रीय रैंकिंग, छात्र अनुभव और शैक्षणिक ढांचे की जानकारी साझा की।

प्रतिनिधिमंडल को संस्थान की प्रमुख छात्रवृत्ति योजनाओं से भी अवगत कराया गया। इनमें निफ्ट सार्थक – 17 करोड़ रुपये की कोष राशि पर आधारित मेरिट स्कॉलरशिप योजना, तथा उड़ान – 1 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति योजना, जो अंतरराष्ट्रीय एक्सचेंज कार्यक्रमों में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सहयोग प्रदान करती है, शामिल हैं।

 

 

राजस्थान के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने किया निफ्ट पंचकुला का दौरा

बैठक के दौरान निफ्ट के संरचित एवं उद्योग उन्मुख शैक्षणिक मॉडल पर भी चर्चा हुई। संस्थान में विद्यार्थियों के लिए दो अनिवार्य इंटर्नशिप निर्धारित हैं, जिससे उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। वहीं संकाय सदस्य भी समय-समय पर उद्योग से जुड़कर अपने ज्ञान और शिक्षण को समकालीन बनाए रखते हैं। केंद्रीयकृत प्लेसमेंट प्रक्रिया तथा प्रवेश परीक्षा प्रणाली—जिसमें जनरल एबिलिटी टेस्ट (GAT) और क्रिएटिव एबिलिटी टेस्ट (CAT) शामिल हैं—की जानकारी भी साझा की गई।

राजस्थान के पत्रकार प्रतिनिधिमंडल ने किया निफ्ट पंचकुला का दौरा

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण क्लस्टर इनिशिएटिव रहा, जिसकी जानकारी डॉ. भारती पाहुजा ने दी। इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थी एक सप्ताह तक स्थानीय कारीगरों के साथ रहकर उनकी कार्यप्रणाली को समझते हैं और अपने डिजाइन ज्ञान से पारंपरिक शिल्प के सतत विकास में योगदान देते हैं। दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने परिसर का भ्रमण किया तथा कैंपस में आमंत्रित कारीगरों से भी संवाद किया। इनमें हिमाचल प्रदेश की चंबा कढ़ाई और राजस्थान की डाबू प्रिंटिंग के शिल्पकार शामिल थे, जो भारत की समृद्ध शिल्प परंपरा को सहेजने और आगे बढ़ाने में निफ्ट की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। इस अवसर पर पीआईबी चंडीगढ़ के मीडिया एवं संचार अधिकारी अहमद खान तथा पीआईबी जयपुर के मीडिया एवं संचार अधिकारी आशीष वर्मा भी उपस्थित रहे। यह प्रेस दौरा निफ्ट पंचकुला के शैक्षणिक परिवेश, छात्रवृत्ति सहयोग, उद्योग समन्वय और जमीनी स्तर पर शिल्प संवर्धन की व्यापक झलक प्रस्तुत करता है, जो इसे डिजाइन शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी संस्थान के रूप में स्थापित करता है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!