‘किंग’ की रिलीज डेट पक्की, 24 दिसंबर को आएगी शाहरुख की फिल्म
मुंबई। शाहरुख खान के फैंस के लिए उनकी अगली फिल्म ‘किंग’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। अभिनेता ने खुद फिल्म की रिलीज डेट कन्फर्म कर दी है। यानी अब यह साफ हो गया है कि ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को बड़े पर्दे पर दस्तक देगी।
फिल्म को लेकर उत्सुकता पहले से ही काफी ज्यादा है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में तैयार हो रही इस एक्शन-एडवेंचर फिल्म की घोषणा के बाद से ही दर्शक इसके हर अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं। खास तौर पर फिल्म के पहले एसेट और ट्रेलर को लेकर फैंस में काफी उत्साह है।
हाल ही में #AskSRK सेशन के दौरान एक फैन ने शाहरुख से फिल्म को लेकर सवाल किया। जवाब में अभिनेता ने संकेत दिया कि मेकर्स फिलहाल फिल्म के कंटेंट और एसेट्स को तैयार करने में व्यस्त हैं। उन्होंने फैंस को भरोसा दिलाया कि रिलीज से पहले सभी जरूरी चीजें सामने आ जाएंगी।
शाहरुख ने मजाकिया अंदाज में फैंस से कहा कि वह उन्हें तड़पा नहीं रहे हैं, बल्कि एक अच्छी फिल्म बनाने में लगे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि निर्देशक सिद्धार्थ आनंद अपनी टीम के साथ पूरी मेहनत कर रहे हैं और काम को जल्दबाजी में पूरा करने के बजाय बेहतरीन तरीके से तैयार करने पर ध्यान दिया जा रहा है।
ट्रेलर को लेकर भी शाहरुख ने फिलहाल फैंस को इंतजार करने की सलाह दी। एक प्रशंसक के ट्रेलर रिलीज करने के अनुरोध पर उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी वह बातचीत कर रहे हैं, जबकि ट्रेलर बाद में आएगा। अभिनेता ने यह भी याद दिलाया कि फिल्म की रिलीज में अभी समय बाकी है।
‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, अभिषेक बच्चन, जयदीप अहलावत, अभय वर्मा और अरशद वारसी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सिद्धार्थ आनंद कर रहे हैं, जबकि इसका निर्माण रेड चिलीज़ एंटरटेनमेंट और मार्फ्लिक्स पिक्चर्स मिलकर कर रहे हैं।
अब रिलीज डेट तय होने के बाद फैंस की नजर फिल्म के पहले लुक, टीजर और ट्रेलर पर है। अगर मेकर्स की योजना के मुताबिक सब कुछ आगे बढ़ता है, तो शाहरुख खान 24 दिसंबर को एक बार फिर सिनेमाघरों में अपने स्टारडम का जलवा दिखाते नजर आएंगे।