कोटा: केडीए आयुक्त ने शहर की सड़कों का किया निरीक्षण
कोटा। कोटा विकास प्राधिकरण की आयुक्त ममता तिवारी ने गुरुवार को शहर की प्रमुख सड़कों का निरीक्षण किया। उन्होंने अंटाघर चौराहे से शुरु कर बारां रोड, स्टेशन कैनाल रोड, नयापुरा सर्कल, चम्बल पुलिया, महाराणा प्रताप सर्कल (बूंदी रोड), एल.सी.-15 फ्लाईओवर, केशोरायपाटन तिराहा, नांता रोड, थर्मल चौराहा, बैराज पुलिया, सीएडी सर्कल, गुमानपुरा फ्लाईओवर, सरोवर रोड, बड़ तिराहा, कोटड़ी, छावनी पुलिया, डी.सी.एम. रोड, लायन्स क्लब, एयरपोर्ट, एयरोड्रम सर्कल होते हुए घोड़े वाला बाबा चौराहे तक सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिए कि क्षतिग्रस्त सड़कों का पैचवर्क एक सप्ताह के भीतर पूर्ण किया जाए। स्पीड ब्रेकरों को मानकों के अनुसार सही किया जाए तथा उन पर सफेद पैंट से स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए। इसी प्रकार मीडियन पर लगे पौधों की नियमित ट्रिमिंग, क्षतिग्रस्त मीडियन की शीघ्र मरम्मत, सड़क किनारे झाड़ियों की सफाई और चिन्हित स्थानों पर पेंटिंग का कार्य तत्काल किया जाए। साथ ही, उन्होंने एयरोड्रम सर्कल पर बनी पत्थर की कलाकृतियों की सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। आयुक्त ने सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ और समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे तथा नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान प्राधिकरण के सचिव मुकेश कुमार चौधरी, निदेशक अभियांत्रिकी रविन्द्र प्रकाश माथुर एवं संबंधित जोन के अधीक्षण एवं अधिशाषी अभियंता उपस्थित रहे।