Dark Mode
जल महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ने किया जल संरक्षण का आह्वान

जल महोत्सव में लोकसभा अध्यक्ष ने किया जल संरक्षण का आह्वान

कोटा। किशोर सागर तालाब के बारहदरी पर जिला स्तरीय जल महोत्सव का आयोजन माननीय लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। अपने संबोधन में लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि जल न केवल जीवन के लिए अपरिहार्य है, बल्कि यह प्रकृति की अमूल्य निधि है, जिसका विवेकपूर्ण उपयोग करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों का संरक्षण और उन्हें प्रदूषण से बचाना संपूर्ण मानव जाति की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने भारतीय संस्कृति की गहरी जड़ों से जुड़े जल स्रोतों के पूजन, वंदन, सम्मान और संरक्षण को रेखांकित करते हुए कहा कि भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल का विवेकपूर्ण उपयोग करना हमारा कर्तव्य है।
कार्यक्रम में कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने जल पूजन कर उसकी उपयोगिता पर प्रकाश डाला। साथ ही, संभागीय आयुक्त उर्मिला राजोरिया ने उपस्थित जनसमूह को जल के संरक्षण, विवेकपूर्ण उपयोग और प्रदूषण से बचाने की शपथ दिलाई।
कला जत्था द्वारा नाटक और नृत्य के माध्यम से जल के महत्व, उसके विवेकपूर्ण उपयोग और संरक्षण से संबंधित जागरूकता संदेश को रोचक रूप में प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर महापौर नगर निगम राजीव अग्रवाल, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष कोटा दक्षिण विवेक राजवंशी ,जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक (शहर) डॉ. अमृता दुहन, मुख्य कार्यकारी अधिकारी अशोक त्यागी, आयुक्त नगर निगम कोटा उत्तर राजपाल सिंह, मुख्य अभियंता जल संसाधन (संभाग) राजेन्द्र कुमार पारीक, अधीक्षण अभियंता रोहिताश्व कुमार जैमिनी, जल बिरादरी के बृजेश विजयवर्गीय, जिला स्तर के अधिकारी, स्कूल के छात्र और अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला परिषद के आईईसी समन्वयक रविंद्र वास्तव ने किया।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!