मिशन परिवार विकास कार्यक्रम
परिवार नियोजन के अपनाओ उपाय, लिखो तरक्की का नया अध्याय की थीम पर 20 फरवरी से 5 मार्च तक आयोजित होंगी गतिविधियां
धौलपुर. प्रजनन स्वास्थ्य में सुधार के लिए परिवार कल्याण सेवाएं प्रदान करने एवं जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मिशन परिवार विकास अभियान का संचालन किया जा रहा है जो कि दो चरणों में 20 फरवरी से शुरू होकर 5 मार्च तक चलेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जयंती लाल मीणा ने बताया कि मिशन परिवार विकास अभियान दो चरणों में मोबिलाइजेशन व सेवा वितरण सप्ताह के रूप में मनाया जायेगा। जिसमें 20 फरवरी से 26 फरवरी तक योग दंपतियों से संपर्क कर परिवार नियोजन के साधनों के लिए प्रेरित किया जाएगा एवं सेवा वितरण सप्ताह 27 फरवरी से 5 मार्च तक चिन्हित योग्य दंपतियों को परिवार कल्याण की सेवाएं प्रदान की जाएंगी
अति. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प.क.) डॉ. गौरव मीणा ने बताया कि इस पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनियां व आंगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा अपने क्षेत्रा में योग्य दंपतियों से संपर्क कर परिवार नियोजन में सहभागिता, परिवार नियोजन के उपलब्ध साधनों की जानकारी, परिवार सीमित रखने, सीमित परिवार के लाभों, प्रसवोत्तर परिवार कल्याण सेवाएं, गर्भपात पश्चात परिवार कल्याण सेवाएं, विवाह की सही आयु (लड़के की 21 व लड़की की 18 वर्ष), विवाह के पश्चात कम से कम दो वर्ष बाद पहली संतान, दो बच्चों के बीच कम से कम तीन साल का अंतर रखने सहित परिवार नियोजन के बारे में विस्तार से जानकारी देकर आमजन को इसके लिए प्रेरित किया जायेगा। उन्होंने बताया कि 27 फरवरी से 5 मार्च तक सेवा वितरण सप्ताह के अन्तर्गत जिले के चिन्हित राजकीय जिला अस्पतालों, एफआयू, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर लाभार्थियों को परामर्श के साथ ही नसबंदी शिविरों का आयोजन किया जायेगा।