निर्माणाधीन गहलोद ब्रिज का निरीक्षण किया सांसद जौनापुरिया ने
टोंक । प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण नीति के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में भाजपा द्वारा चलाये जा रहे महा-जनसम्पर्क अभियान के अन्तर्गत सांसद सुखबीर सिंह जौनापुरिया ने केन्द्रीय मद से निर्माणाधीन 135 करोड़ रुपए की लागत से बनास नदी के गहलोद घाट पर बन रहे गहलोद ब्रिज पर चल रहे निर्माण कार्यो का निरीक्षण कर ठेका कम्पनी के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। इस मौके पर जौनापुरिया ने कहा कि गहलोद ब्रिज के पूर्ण हो जाने पर टोंक से टोड़ारायसिंह, मालपुरा, अजमेर, पीपलू एवं अन्य ग्रामीण क्षेत्रों को वर्ष भर यातायात की निर्बोध सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान निर्माण में पाई गई अनियमितताओं से रुष्ट होकर जौनापुरिया ने सम्बन्धित अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण कार्यो में गुणवत्ता को बनाये रखने के सख्त निर्देश दिये गये। गौरतलब है कि इससे पूर्व भी सांसद जौनापुरिया ने भी निर्माणाधीन गहलोद ब्रिज निर्माण में गुणवत्तापूर्ण सामग्री काम में नहीं लेने में अधिकारियों को लताड़ लगा चुके है। इस अवसर पर सांसद जौनापुरिया के साथ जिला प्रमुख सरोज बंसल, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेन्द्र पराणा, पूर्व सभापति लक्ष्मी जैन, भाजपा जिला महामंत्री प्रभु बाडोलिया, विष्णु शर्मा, जयपुर जिला संगठन सह-प्रभारी नरेश बंसल आदि मौजूद रहे।