पानीपत का गैंगस्टर राकेश पंपू गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने किया काबू
पानीपत. हरियाणा पुलिस के लिए सिर दर्द बना पानीपत का गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू आखिरकार पुलिस की गिरफ्त में आ गया। राकेश को दिल्ली पुलिस ने उसके ठिकाने पर छापामारी कर पकड़ा है। गैंगस्टर पर 50 हजार का इनाम घोषित था। उसे पकड़ने के लिए पानीपत ही नहीं, बल्कि हरियाणा के कई जिलों की पुलिस लगी हुई थी। राजस्थान पुलिस को भी राकेश की तलाश थी। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पानीपत में सरपंच के भाई समेत 2 लोगों की मुंह में गोली मारकर हत्या करने वाले गैंगस्टर राकेश को हिमाचल से पकड़ा है।
राकेश पर 16 आपराधिक मामले दर्ज
पानीपत पुलिस की तरफ से गैंगस्टर राकेश उर्फ पंपू पर DGP हरियाणा प्रशांत कुमार अग्रवाल से 50 हजार रुपए का इनाम घोषित करने की सिफारिश की गई थी। उनके निर्देश पर गैंगस्टर पर इनाम घोषित किया गया है। उस पर हत्या, लूट, जानलेवा हमला, अपहरण, जबरन वसूली व रंगदारी मांगने की वारदात के पानीपत, करनाल, सोनीपत, रोहतक व राजस्थान में 16 मुकदमे दर्ज हैं। पंपू की धर पकड़ के लिए पुलिस की अपराध शाखा की टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी, लेकिन वह बचने के लिए ठिकाने बदल-बदल कर छिप रह रहा है।
8 नवंबर को की थी वारदात
8 नवंबर 2022 को किला थाना पुलिस को दी शिकायत में एक पीड़ित ने बताया कि 1 नवंबर को वह अपने ऑफिस में बैठा हुआ था। इसी दौरान दोपहर करीब 2 बजे राकेश उर्फ पंपू व दीपक निवासी सिवाह आए। दोनों ने कहा कि आपका काम अच्छा चल रहा है, इसलिए वह 5 लाख रुपए दे दे, नहीं तो अंजाम अच्छा नहीं होगा। 8 नवंबर की शाम 4:45 बजे 4-5 लड़के तलवार, डंडे व रॉड से लैस होकर आए और उसके ऊपर हमला कर दिया। आरोपियों ने चोट मारने के साथ ही उसकी जेब में रखे 20 हजार रुपए छीन लिए। जिनमें दो लड़के राहुल निवासी गुढ़ा गोहाना सोनीपत व राहुल निवासी भूरी, सोनीपत थे। रंगदारी के पैसे न देने पर राकेश उर्फ पंपू व दीपक ने अपने साथियों को भेजकर उसके ऊपर हमला करवाया था।