Dark Mode
पंजाब पुलिस ने फाजि़ल्का से 36.9 किलो हेरोइन बरामद की, चार गिरफ्तार

पंजाब पुलिस ने फाजि़ल्का से 36.9 किलो हेरोइन बरामद की, चार गिरफ्तार

फाजि़ल्का। पंजाब पुलिस ने फाजि़ल्का के गाँव लालो वाली इलाके से 36.9 किलोग्राम हेरोइन के 35 पैकेट बरामद कर 4 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान मनप्रीत सिंह, जसपाल सिंह उर्फ गोपी, सुखदेव सिंह और दयालविंदर सिंह के रूप में हुई है। ये सभी जिला तरनतारन के रहने वाले हैं। पुलिस ने सफेद हुंडई एलांट्रा (पीबी-02-डीपी-0717) और एक सिल्वर होंडा सिविक (पीबी-63-डी-2370) सहित दो सीडान कारें बरामद की हैं। इनका इस्तेमाल राजस्थान से ड्रग्स की तस्करी के लिए किया जाता था।
राजस्थान से पंजाब में भारी मात्रा में हेरोइन आने की विश्वसनीय सूचना मिलने के बाद फाजि़ल्का जि़ले की पुलिस टीमों ने गाँव लालो वाली के इलाके में नहरी पुल के पास फाजि़ल्का-फिरोज़पुर रोड पर अभियान चलाया। जहाँ ये चार व्यक्ति ऊपर बताई गई कारों में बैठे हुए लोगों का इंतज़ार कर रहे थे। पुलिस टीम को देख आरोपितों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीमों ने उन्हें दबोच लिया।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया चैकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने 24.295 किलोग्राम वजऩ वाली हेरोइन के 23 पैकेट बरामद किए हैं, जो कार की खिड़कियों के कार्डबोर्ड के अंदर छिपाकर रखे गए थे। गिरफ्तार किए गए ड्रग तस्करों द्वारा बताए गए सटीक स्थान से 12 पैकेट हेरोइन का एक और हिस्सा बरामद किया गया, जिसका वजऩ 12.620 किलोग्राम है।
फिरोज़पुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) रणजीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि प्रारंभिक जाँच के अनुसार आरोपी व्यक्ति ड्रोन का उपयोग करके सीमा पार से गिराई गई हेरोइन की खेप को लेकर राजस्थान से आ रहे थे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अवनीत कौर सिद्धू ने कहाकि इस मॉड्यूल में शामिल अन्य लोगों और खेप के पंजाब स्थित प्राप्तकर्ता का पता लगाने के लिए आगे की जाँच की जा रही है।
उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है। इस बीच, थाना सदर फाजि़ल्का में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(सी), 23, 29 के तहत प्राथमिकी संख्या 58 दिनांक 12.04.2023 दर्ज की गई है।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!