झुंझुनू में रिटायर्ड फौजी की हत्या, चाकू से वार कर किया गया हत्या
झुंझुनू। जिले के चिड़ावा थाना क्षेत्र के बामनवास गांव में रविवार रात को एक रिटायर्ड फौजी को उसके गांव के युवक ने चाकू (छुरा) घोंपकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
झुंझुनू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) फूलचंद ने बताया कि रिटायर्ड फौजी उदयवीर सिंह (50) की बामनवास गांव में पशु आहार की दुकान है। गांव से 2 किलोमीटर दूर उदयवीर ने खेत में अपना मकान बना रखा है। उदयवीर अक्सर रात में टहलते हुए अपनी दुकान की ओर आया करते थे। रविवार रात साढ़े आठ बजे जब उदयवीर अपनी दुकान की ओर जा रहे थे तो 100 मीटर पहले उन्हें बामनवास गांव निवासी अकरम मिल गया। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि अकरम ने अपने घर से चाकू लाकर उदयवीर के पेट में घोंप दिया। अकरम ने लगातार तीन बार उदयवीर के पेट में चाकू घोंपा। उदयवीर लहुलूहान होकर गिर पड़े। अकरम वहां से फरार हो गया। आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। उदयवीर को तुरंत चिड़ावा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उपजिला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर्स ने उदयवीर को मृत घोषित कर दिया।
रिटायर्ड फौजी की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। मामले की जानकारी मिलते ही चिड़ावा, सूरजगढ़ और पिलानी थाने की टीम मौके पर पहुंची। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं। घटना के विरोध में सोमवार सुबह 8 बजे से ग्रामीण न्यू नेशनल हाईवे-11 (दिल्ली-बीकानेर) जाम करके बैठे हैं। नेशनल हाईवे जाम होने की वजह से वाहनों की लंबी लाइन लग गई। बामनवास गांव में 9 थानों की पुलिस और रिजर्व पुलिस बल का जाब्ता तैनात किया गया है।
ग्रामीण शुक्रवार सुबह बामनवास गांव से 3 किमी दूर लाखू में दिल्ली-बीकानेर नेशनल हाईवे पर बैठ गए। ग्रामीणों ने उदयवीर के परिवार को एक करोड़ रुपए का मुआवजा, बेटे को सरकारी नौकरी, आरोपी की गिरफ्तारी और गांव की गोचर भूमि से अवैध कब्जा हटाने की मांग की है। ग्रामीण कलेक्टर अरुण गर्ग और एसपी कावेंद्र सागर को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए बामनवास गांव में बुहाना, सिंघाना, खेतड़ी, खेतड़ीनगर, चिड़ावा, सूरजगढ़, बग्गड़, मंडावा, झुंझुनू थाना पुलिस के जवान और आरएसी का जाब्ता तैनात किया गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि उदयवीर सिंह आर्मी में हवलदार पद से 2011 में रिटायर हुए थे। इसके बाद से वे गांव में पशु आहार की दुकान कर रहे थे। उदयवीर की पत्नी गृहिणी हैं। बेटा दिनेश दिल्ली में प्राइवेट जॉब करता है। दो बेटी जयपुर में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही हैं। आरोपी अकरम की भी बामनवास में ही दुकान है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अकरम ने गोचर भूमि पर कब्जा कर यह दुकान खोली हुई है। भाजपा की पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष अहलावत, पूर्व विधायक सुभाष पूनिया, पूर्व प्रधान बलवान सिंह सहित कई नेता मौके पर पहुंचे। चिड़ावा डीएसपी विकास धींधवाल, बुहाना डीएसपी नोपाराम, झुंझुनू एएसपी फूलचंद और चिड़ावा की प्रशिक्षु आरपीएस अंबिका भी मौके पर मौजूद हैं।