सवाई माधोपुर: एसआईआर-2026 में 52.30 प्रतिशत गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज कर, कुल 200 क्षेत्रों में बामनवास विधानसभा अग्रणी
जिला निर्वाचन अधिकारी काना राम ने अधिकाधिक प्रपत्रों को ऑनलाइन जमा करने की अपील की
सवाई माधोपुर। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) कार्यक्रम के तहत मतदाता गणना प्रपत्रों को डिजिटाइज करने के काम में सवाई माधोपुर अग्रणी जिलों में है। सवाई माधोपुर जिले में वर्तमान में 10 लाख 54 हजार 343 मतदाता पंजीकृत है। जिसमें से 4 लाख 63 हजार 576 मतदाता गणना प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज किया जा चुका है। इस प्रक्रिया की रैंकिंग में जिले की बामनवास विधानसभा राजस्थान के सभी 200 विधानसभा क्षेत्रों में गत दो दिवस से प्रथम व द्वितीय स्थान पर अग्रणी है। इस क्रम में मंगलवार सांय 4 बजे तक कुल 1 लाख 30 हजार 947 गणना प्रपत्र ऑनलाइन अपलोड कर 52.30 प्रतिशत डिजिटलाइज किए जा चुके हैं। बामनवास में प्रत्येक बीएलओ द्वारा औसतन 546 ईएफ डिजिटलाइज किए जा रहे है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर काना राम ने इस उपलब्धि पर एस आई आर से जुड़े बीएलओ, सुपरवाइजर, स्वयंसेवकों सहित सभी कार्मिकों और अधिकारियों को बधाई दी है तथा एसआईआर की प्रक्रिया सम्पन्न होने तक इस गति को बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों और अधिकारियों के साथ ही अन्य राजकीय कार्मिकों तथा आम नागरिकों से कहा कि वे एसआईआर प्रक्रिया को अधिकाधिक ऑनलाइन ही पूरी करें। इससे यह कार्य जल्द और त्रुटि रहित ढंग से सम्पन्न हो सकेगा। 43.97 प्रतिशत गणना प्रपत्र हुए डिजिटाइज :- विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (एसआईआर-2026) के तहत बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा एसआईआर प्रक्रिया के क्रम में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं बीएलओ आदि अधिकारियों ने 4 लाख 63 हजार 576 से अधिक गणना प्रपत्र मतदाताओं से वापस एकत्रित कर लगभग 43.97 प्रतिशत मतदाता गणना प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज (डिजिटाइज) कर दिए हैं। जिसमें गंगापुर सिटी में 1 लाख 12 हजार 593, बामनवास में 1 लाख 31 हजार 921, सवाई माधोपुर में 1 लाख 17 हजार 310 तथा खण्डार में 1 लाख 1 हजार 752 मतदाताओं तक ईएफ प्रपत्र ऑनलाइन किए जा चुके है। इस प्रकार जिले में कुल 4 लाख 63 हजार 576 मतदाता गणना प्रपत्र ऑनलाइन दर्ज किए जा चुके है।