बीसलपुर परियोजना के विस्थापितों की भूमि प्रकरण में होगी सख्त कार्रवाई -राजस्व मंत्री
जयपुर। राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि अजमेर की तहसील सरवाड़ के ग्राम अजगरा में बीसलपुर परियोजना के विस्थापितों को चारागाह भूमि कृषि उपयोग के लिए आरक्षित की गई थी। उन्होंने कहा कि इन भूमियों के गलत आवंटन के प्रकरण में संबंधित अधिकारियों के विरूद्ध तीन माह के भीतर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। शून्यकाल के दौरान राजस्व मंत्री ने विधायक शत्रुघन गौतम के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर जवाब दिया। उन्होंने बताया कि आरक्षित भूमि में से 4 मार्च, 2011 को 49 आवंटन बीसलपुर विस्थापितों के नाम दर्ज किए गए थे। संबंधित आवंटियों द्वारा 11 मार्च तथा 10 मई, 2011 को आवंटित भूमि का विक्रय कर दिया गया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन उपखंड अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर सभी नामांतरण निरस्त कर दिए गए थे। राजस्व मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि इस मामले की गंभीरता से पुनः जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ तीन माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।