शिक्षकों ने जलाई नोटिसों की प्रतियां
रतनगढ़ । गैर शैक्षणिक कार्यों के बहिष्कार को लेकर शिक्षकों का रोष बढ़ता जा रहा है। इसको लेकर आज गुरूवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय के बाहर शिक्षकों को दिए गए कारण बताओ नोटिस की प्रतियां जलाई गई । राजस्थान शिक्षक संघ शे के प्रांतीय संयुक्त मंत्री शुभकरण नैन और जिला संयोजक सुरेंद्र सीगड़ ने बताया की राजस्थान शिक्षक संघ शेखावत द्वारा पूरे राजस्थान में बीएलओ कार्य सहित अन्य गैर शैक्षणिक कार्यों का बहिष्कार कर रखा है। ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र शर्मा ,वरिष्ठ उपाध्यक्ष बजरंगलाल बिसू ,कोषाध्यक्ष वेदप्रकाश अग्रवाल,उपाध्यक्ष रामरतन सिंह ने शिक्षा के अधिकार कानून,मुख्य सचिव के आदेश और शिक्षा निदेशक के विभिन्न आदेशों का हवाला देते हुए बताया कि चुनाव के समय के कार्य,10 वर्षीय जनगणना और राष्ट्रीय आपदा के अलावा किसी भी प्रकार का गैर शैक्षणिक कार्य शिक्षकों से नहीं करवाया जा सकता है। इसके बावजूद बीएलओ सहित दूसरे प्रकार के गैर शैक्षणिक कार्य शिक्षकों पर थोपे जा रहे हैं जिससे बच्चों की पढ़ाई का मूल कार्य बाधित होता है। इस अवसर पर प्रताप आचार्य, महेंद्र जांगिड़, विनोद गोदारा, मदनलाल, अशोक जांगिड़, गणेशा राम शर्मा, कर्ण सिंह, संजय कुमार, नंदलाल नाई, हरिकृष्ण, भंवरलाल जाट, गंगाराम, सुरेंद्र सिंह, संदीप कुमार, सुभाष चंद्र सहित बीएलओ शिक्षक उपस्थित थे।