गृह क्लेश से तंग आकर युवक ने की आत्महत्या
धौलपुर। मनियां थाना क्षेत्र के मांगरोल गांव में एक युवक ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक को परिजनों ने फंदे से उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित कर दिया और पुलिस को सूचना देकर शव को शवगृह में रखवा दिया। मृतक युवक पवन (35) पुत्र नत्थी के शव को अस्पताल लेकर पहुंचे परिजनों ने बताया कि युवक ड्राइवर का काम करता था। जो पिछले करीब 15 से 20 दिन से घर पर ही था। उन्होंने बताया कि गृह क्लेश के चलते युवक बिना किसी को कुछ बताए अपने कमरे में चला गया, जहां उसने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराने पहुंचे हेड कॉन्स्टेबल चंद्रभान सिंह ने बताया कि परिजनों की ओर से दी गई रिपोर्ट के बाद मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। उन्होंने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।