टोगो कमाण्डोज़ एवम् भारतीय बच्चों के बीच अनोखी मित्रता
जोधपुर । इन दिनों राजस्थान पुलिस प्रशिक्षण केन्द्र, जोधपुर में वैस्ट अफ्रीकी देश ‘टोगो’ के प्रेसिडेन्शियल कमाण्डोज़ विशेष प्रशिक्षण हेतु 40 कमाण्डोज तीन माह के लिये आये हुए हैं, मेजर जनरल (रि.) दलवीर सिंह के नेतृत्व में प्रशिक्षण ले रहे इन कमाण्डोज और कमाण्डो ट्रेनिंग स्कूल के सामने ही स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय आर.ए.सी. ट्रेनिंग सेन्टर के बच्चों में अनोखी मित्रता देखने को मिल रही है। विद्यालय के संस्था प्रधान वाजिद हसन काजी ने बताया कि अफ्रीकी मूल के प्रशिक्षणार्थी कमाण्डोज बच्चों के लिये कौतुहल का विषय थे। इनके बारे में बार-बार प्रश्न पूछे जाने पर बच्चों को ग्लोब और मानचित्रों के माध्यम से टोगो देश की स्थिति और टीवी पर वहां की संस्कृति दिखा कर जानकारी दी गयी, अध्यापिका यशोदा चौधरी के नेतृत्व में बच्चों ने टोगो देश के राष्ट्रीय ध्वज तथा भारतीय तिरंगे की झंडियां बनाईं। प्रतिदिन विद्यालय के सामने से गुजरते समय बच्चे झंडियां हाथ में लेकर इस बटालियन का स्वागत करते है। आरपीटीसी के संचित निरिक्षक श्याम कुमार के निर्देशन में इन कमाण्डोज ने विद्यालय का अवलोकन कर बच्चों से उनकी पढाई और उनके द्वारा बनायी गयी कलात्मक कार्यो की जानकारी ली एवम् सराहना की, प्रशिक्षणार्थी कमाण्डोज की बटालियन अपने पारम्परिक गीत गाते हुए जब कदमताल करती हुई विद्यालय के सामने से गुजरती है तो स्वागत करते बच्चों का यह दृश्य मनोरम बन पड़ता है, दो देशों के सांस्कृतिक समागम का यह दृश्य अपने आप में अनोखी मित्रता को प्रदर्शित करता है।