एचजेयू के छात्रावास निर्माण में सहयोग करेंगे: कैलाश वर्मा
बगरू विधायक ने हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय में सामुदायिक सहभागिता केंद्र का किया शुभारंभ
जयपुर। दहमींकलां स्थित हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय में बुधवार को सामुदायिक सहभागिता केंद्र का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बगरू विधायक डॉ. कैलाश वर्मा थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. नन्द किशोर पांडे ने की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक कैलाश वर्मा ने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया भी दिया। उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ सामाजिक ज्ञान का समन्वय आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालय के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जहां विचारों का आदान-प्रदान सहज होता है, वहां विकास और प्रतिभाएं अवरुद्ध नहीं होतीं। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधाओं हेतु आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में छात्रों और छात्राओं के लिए दो छात्रावासों के निमार्ण में वे पूरा सहयोग करेंगे। इसके लिए राज्य सरकार से जो संभव होगा उसमें सहयोग किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर वह स्वयं भी सहयोग करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि विश्वविद्यालय तक परिवहन की सुविधा भी जल्द करवाएंगे। इस अवसर पर कुलगुरु प्रो. पांडे ने कहा कि डॉ. कैलाश वर्मा छात्र जीवन से ही तेजस्वी और छात्र हितों के प्रति समर्पित रहे हैं। ऐसे में विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में उनका सहयोग बेहद महत्वपूर्ण होगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का अर्थ केवल ज्ञानार्जन नहीं, बल्कि सतत् विकास और सामाजिक संवेदनशीलता से भी है। हरिदेव जोशी पत्रकारिता और जनसंचार विश्वविद्यालय आसपास के गांवों में सामाजिक उत्थान से संबंधित कार्यों में सहयोग करेगा। कार्यक्रम का संचालन अकादमिक एवं प्रशासनिक समन्वयक डॉ. रतन सिंह शेखावत ने किया। सामुदायिक सहभागिता केंद्र की संयोजक डॉ. शालिनी जोशी ने बताया कि यह केंद्र समाज और विश्वविद्यालय के बीच सेतु का कार्य करेगा, जिससे सामुदायिक जुड़ाव और शैक्षणिक सहभागिता को बल मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सहायक प्रोफेसर डॉ. अनिल मिश्रा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।