देसी तमंचे और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार
धौलपुर। नादनपुर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए युवक के पास से पुलिस ने 315 बोर का एक देसी तमंचा और कारतूस बरामद किया है। अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
थाना प्रभारी यदुवीर सिंह ने बताया कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस का 100 दिनों का अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत कॉन्स्टेबल चंद्रभान सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि कस्बे में एक युवक अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी के साथ हेड कॉन्स्टेबल हरिभान, कॉन्स्टेबल चंद्रभान सिंह और सियाराम मौके पर पहुंचे। घेराबंदी कर युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अनिल (20) पुत्र गोठियाराम मीणा निवासी संतनगर बाड़ी बताया। जिसकी तलाशी में 315 बोर का तमंचा और एक कारतूस मिलने पर आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से हथियार की खरीद फरोख्त को लेकर पूछताछ की जा रही है।