40 साल का इंतजार खत्म, शिविर में मिला जमीन का पट्टा
चित्तौड़गढ़। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर-2026 ग्रामीणों के लिए त्वरित समाधान और राहत का माध्यम बन रहे हैं। ग्राम पंचायत सतखंडा एवं भावलिया में आयोजित शिविरों में वर्षों से लंबित प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कर ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी गई। 40 वर्षों के इंतजार के बाद गोपाल रावत को मिला स्वामित्व योजना का भूखण्ड पट्टा ग्राम पंचायत सतखंडा में आयोजित शिविर में महादेवपुरा निवासी श्री गोपाल पिता लक्ष्मण रावत ने स्वामित्व योजना के तहत भूखण्ड पट्टे के लिए आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले करीब 40 वर्षों से अपने मकान में निवासरत थे, लेकिन भूमि स्वामित्व का कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं था। शिविर प्रभारी के निर्देश पर विकास अधिकारी पंचायत समिति निम्बाहेड़ा श्री लक्ष्मण खटीक एवं संबंधित विभागों की टीम ने प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्यवाही पूर्ण की। प्रशासनिक तत्परता के चलते शिविर में ही प्रार्थी को स्वामित्व योजना अंतर्गत भूखण्ड पट्टा जारी कर उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारी निम्बाहेड़ा द्वारा प्रदान किया गया। पट्टा मिलने पर गोपाल रावत ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों पुरानी समस्या का समाधान शिविर में ही हो गया। अब वे पट्टे के आधार पर ऋण एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री, विधायक एवं प्रशासन का आभार व्यक्त किया। चरलिया गदिया गांव को मिली आबादी विस्तार की सौगात वहीं ग्राम पंचायत भावलिया में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान ग्राम चरलिया गदिया के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई। ग्रामीणों द्वारा आबादी विस्तार हेतु भूमि आरक्षित करने का निवेदन किया गया था, जिस पर शिविर प्रभारी ने तहसीलदार निम्बाहेड़ा घनश्याम जरवार को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। राजस्व एवं पंचायती राज विभाग की टीम द्वारा आवश्यक दस्तावेजों की जांच एवं औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए शिविर में ही ग्राम चरलिया गदिया की कुल 2.80 हेक्टेयर भूमि आबादी विस्तार के लिए आरक्षित कर दी गई। इस निर्णय से गांव के नियोजित विकास, आवासीय विस्तार और भविष्य की जनसुविधाओं के लिए भूमि उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों ने इसे विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए प्रशासन का आभार व्यक्त किया। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के माध्यम से राजस्व, भूमि संबंधी प्रकरण, प्रमाण-पत्र, सामाजिक सुरक्षा सहित विभिन्न सेवाएं ग्रामीणों को उनके गांव में ही उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे आमजन को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है। इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी विकास पंचोली, पूर्व उप प्रधान पंचायत समिति निम्बाहेड़ा अशोक जाट, तहसीलदार निम्बाहेड़ा घनश्याम जरवार, विकास अधिकारी पंचायत समिति निम्बाहेड़ा लक्ष्मण खटिक सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।