जयपुर नगर निगम की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, 4 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला, एक कैंटर सामान जब्त
जयपुर। जयपुर शहर में अस्थायी अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम की सतर्कता शाखा ने गुरुवार को विशेष कार्रवाई की। नगर निगम आयुक्त ओम कसेरा के निर्देश पर उपायुक्त सतर्कता के नेतृत्व में टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाए। इस दौरान अतिक्रमण करने वालों से 4 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूल किया गया, जबकि एक कैंटर सामान जब्त कर निगम के गोदाम में भिजवाया गया। नगर निगम की सतर्कता टीम ने वैशाली नगर, खातीपुरा रोड, पंचायत समिति के सामने कालवाड़ रोड, निवारू रोड और नांगल जैसा पुलिया के आसपास कार्रवाई की। इन क्षेत्रों में सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अस्थायी अतिक्रमण हटवाए गए।
मौके से जब्त किया सामान उपायुक्त सतर्कता ने बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमण करने वालों का सामान जब्त कर एक कैंटर में भरवाया गया और निगम के गोदाम में जमा करवाया गया। इसके साथ ही संबंधित लोगों से मौके पर ही 4 हजार रुपये कैरिंग चार्ज वसूला गया। दोबारा अतिक्रमण करने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी कार्रवाई के दौरान सतर्कता टीम ने अतिक्रमण करने वाले लोगों को समझाइश भी दी। उन्हें मौखिक रूप से पाबंद किया गया कि भविष्य में अस्थायी अतिक्रमण समय रहते हटा लें और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा नहीं करें। नगर निगम ने चेतावनी दी है कि दोबारा अतिक्रमण पाए जाने पर भारी चालान लगाने के साथ प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निगम की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाना तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखना है।