Dark Mode
लोकतंत्र के महापर्व को सुचारू व शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध, मतदाताओं की सुविधा सर्वोपरि, मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं में कोई कमी स्वीकार्य नहीं : सुराणा

लोकतंत्र के महापर्व को सुचारू व शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध, मतदाताओं की सुविधा सर्वोपरि, मतदान केंद्रों पर व्यवस्थाओं में कोई कमी स्वीकार्य नहीं : सुराणा

चूरू। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा तथा पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ चरण में निर्बाध एवं सुव्यवस्थित मतदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से तारानगर उपखंड क्षेत्र के राजपुरा, सात्यूं, चंगोई, धीरवास बड़ा एवं बुचावास में विभिन्न मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, छाया एवं बैठने की व्यवस्था सहित तमाम आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया तथा सुरक्षा इंतजामों और समग्र निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की। जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक मतदान केंद्र पर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की शत-प्रतिशत पालना सुनिश्चित की जाए। मतदाताओं की सुविधा को सर्वोपरि रखते हुए किसी भी केंद्र पर व्यवस्थागत कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में तैनात प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों के प्रति पूरी तरह सचेत रहें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने कहा कि मतदान दलों की रवानगी से लेकर मतदान केंद्रों पर पहुंचने तक और मतदान प्रक्रिया की समाप्ति तक प्रत्येक चरण में अधिकारी पूर्ण सतर्कता के साथ कार्य करें। पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो तथा किसी भी असामान्य स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी सुनिश्चित रहे। उन्होंने ग्रामीणों से भी संवाद करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय एवं निर्भीक भागीदारी की अपील की। पुलिस अधीक्षक निश्चय प्रसाद एम ने मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने पुलिस बलों को निर्देश दिए कि संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय अथवा दबाव के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके, यह सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारी व जवान पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहें। इस दौरान एसडीएम प्रियंका कड़ेला, डीवाईएसपी रोहित सांखला, बीडीओ तारानगर रवि कुमार, तहसीलदार अनोपाराम सहित पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

Comment / Reply From

You May Also Like

Newsletter

Subscribe to our mailing list to get the new updates!