बारिश में नाश्ते का मजा दोगुना, ट्राई करें कुरकुरे पोहा कटलेट
New Dehli : बारिश के मौसम में अक्सर कुछ चटपटा और स्वादिष्ट खाने का मन करता है, लेकिन ज्यादा तला-भुना भोजन कई बार पाचन संबंधी परेशानियां बढ़ा सकता है। ऐसे में पोहा कटलेट एक ऐसा विकल्प है जो स्वाद और सेहत दोनों का संतुलन बनाए रखता है।
रोजाना पोहा, पराठा या दलिया खाने से अगर आप बोर हो गए हैं, तो इस आसान रेसिपी को अपने नाश्ते के मेन्यू में शामिल कर सकते हैं। बाहर से कुरकुरे और अंदर से नरम ये कटलेट बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आ सकते हैं।
आवश्यक सामग्री
- 1 कप पोहा
- 1 उबला हुआ मध्यम आकार का आलू
- 2-3 चम्मच कॉर्न
- 1 छोटा प्याज (बारीक कटा हुआ)
- 1 कद्दूकस की हुई गाजर
- 1 हरी मिर्च (बारीक कटी हुई)
- 1 चम्मच हरा धनिया
- 1/2 चम्मच जीरा पाउडर
- 1/2 चम्मच लाल मिर्च पाउडर या चिली फ्लेक्स
- 1/4 चम्मच गरम मसाला
- स्वादानुसार नमक
- 1 चम्मच सूजी या चावल का आटा
- जरूरत अनुसार तेल
बनाने की विधि
सबसे पहले पोहा को धोकर 2 से 3 मिनट तक भिगो दें। इसके बाद अतिरिक्त पानी निकालकर अलग रख लें।
एक बड़े बाउल में भीगा हुआ पोहा, मैश किया हुआ आलू, कॉर्न, प्याज, गाजर, हरी मिर्च, हरा धनिया और सभी मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें। मिश्रण को बांधने के लिए इसमें सूजी या चावल का आटा भी मिला दें।
अब तैयार मिश्रण से छोटे-छोटे कटलेट का आकार दें। तवे पर हल्का तेल डालकर इन्हें दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक सेक लें।
अगर आप कम तेल का उपयोग करना चाहते हैं, तो कटलेट को 180 डिग्री सेल्सियस पर करीब 12 मिनट एयर फ्राई भी कर सकते हैं। बीच में एक बार इन्हें पलटना न भूलें।
तैयार पोहा कटलेट को हरी चटनी, दही डिप या टोमैटो केचप के साथ गर्मागर्म परोसें और बारिश के मौसम का स्वाद दोगुना करें।