बाजार वाली कुल्फी भूल जाएंगे! घर पर बनाएं दानेदार मटका कुल्फी
नई दिल्ली। तपती गर्मी में अगर घर पर बनी ठंडी-ठंडी मटका कुल्फी मिल जाए, तो दिन बन जाता है। बाजार में मिलने वाली कई कुल्फियों में अतिरिक्त चीनी, फ्लेवर और प्रिजर्वेटिव्स का इस्तेमाल होता है, लेकिन आप घर पर बेहद आसान तरीके से शुद्ध और स्वादिष्ट मटका कुल्फी तैयार कर सकते हैं। खास बात यह है कि इसमें गुड़ का उपयोग किया जाता है, जो इसे एक अलग देसी स्वाद और खूबसूरत रंग देता है।
दानेदार मटका कुल्फी बनाने की आसान रेसिपी
सामग्री:
-
1 लीटर फुल क्रीम दूध
-
स्वादानुसार कद्दूकस किया हुआ गुड़
-
½ चम्मच इलायची पाउडर
-
कटे हुए पिस्ता और अन्य ड्राई फ्रूट्स
-
छोटे मिट्टी के मटके या कुल्फी मोल्ड्स
बनाने की विधि
सबसे पहले एक भारी तले की कड़ाही में फुल क्रीम दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें। दूध को लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं, जब तक उसकी मात्रा लगभग आधी न रह जाए और वह गाढ़ा न हो जाए।
दूध उबलते समय कड़ाही के किनारों पर जो मलाई जमती है, उसे बार-बार खुरचकर वापस दूध में मिलाते रहें। यही तरीका कुल्फी को दानेदार और लच्छेदार बनावट देता है।
जब दूध अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब उसमें इलायची पाउडर और अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स मिला दें। इसके बाद गैस बंद कर दें और मिश्रण को पूरी तरह ठंडा होने दें।
ध्यान रखें कि गर्म दूध में कभी गुड़ न डालें, क्योंकि इससे दूध फट सकता है। जब दूध सामान्य तापमान पर आ जाए, तब उसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें, ताकि गुड़ पूरी तरह घुल जाए।
अब इस गाढ़े मिश्रण को मिट्टी के मटकों या कुल्फी मोल्ड्स में भर दें। ऊपर से कटे हुए पिस्ता डालें और मटकों को एल्युमिनियम फॉयल से अच्छी तरह ढक दें।
मटकों को 7 से 8 घंटे या पूरी रात के लिए डीप फ्रीजर में रख दें। इसके बाद तैयार होगी आपकी स्वादिष्ट, मलाईदार और दानेदार मटका कुल्फी।
कुल्फी को दानेदार बनाने का सीक्रेट
कुल्फी का असली स्वाद और टेक्सचर दूध को धीमी आंच पर लंबे समय तक पकाने और किनारों पर जमी मलाई को बार-बार दूध में मिलाने से आता है। यही प्रक्रिया इसे बाजार जैसी लच्छेदार और रिच बनावट देती है।